भारत ने पाकिस्तान से हार का बदला लिया 2-बिजली गिरने से रुकी इंग्लैंड की पारी-

 भारत ने पाकिस्तान से हार का बदला लिया

पाकिस्तान को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में 3-1 से हराया,
भारत ने पाकिस्तान से टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में मिली हार का बदला हॉकी में ले लिया है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के शुक्रवार को हुए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हरा दिया। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल किए। एक गोल आकाशदीप सिंह ने किया। इससे पहले 24 अक्टूबर को पाकिस्तान की टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को 10 विकेट से हरा दिया था। पहली बार वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को पाकिस्तान से हार मिली थी। 

ढाका में भारत की शानदार जीत

आज ढाका में खेले गए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के इस मुकाबले में जीत के साथ भारत के 7 अंक हो गए हैं। भारत का सेमीफाइनल में पहुंचना भी अब पक्का हो गया है। वहीं, पाकिस्तान की टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच सकती है, क्योंकि इस टूर्नामेंट में केवल 5 ही टीम खेल रही हैं। पाक टीम के अभी 1 अंक हैं।

हरमनप्रीत का कमाल
मैच के पहले और चौथे क्वार्टर में हरमनप्रीत सिंह ने भारत के लिए दो शानदार गोल किए। पूरे मैच में इस खिलाड़ी ने शानदार खेल दिखाया। उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया। हरमनप्रीत के अलावा आकाशदीप सिंह ने एक गोल दागा। वहीं, पाकिस्तान के लिए एकमात्र गोल जुनैद मंजूर ने किया।

पहले क्वार्टर से ही भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव बनाए रखा
मैच में पहले क्वार्टर से ही भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। टीम इंडिया पहले क्वार्टर में 1-0 से आगे थी। इस क्वार्टर में भारत दो और गोल कर सकता था, लेकिन पाकिस्तान के गोलकीपर अली अमजद ने दो शानदार बचाव किए।

दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम गोल करने के लिए लगातार अटैक कर रही थी, लेकिन पाकिस्तान के डिफेंस ने 3 शानदार बचाव किए।

 दूसरे मुकाबले में बांग्लादेश को 9-0 से हराया
इस टूर्नामेंट में भारत की शुरुआत कुछ खास नहीं रही थी। पहले मैच में कोरिया के खिलाफ स्कोर 2-2 से ड्रॉ रहा था, लेकिन दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने धमाकेदार वापसी करते हुए बांग्लादेश को 9-0 से हरा दिया था।

 बिजली गिरने से रुकी इंग्लैंड की पारी-

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच एडिलेड में खेला जा रहा डे-नाइट टेस्ट मैच बिजली गिरने के कारण रोकना पड़ा। इंग्लैंड की पारी के दौरान 9वां ओवर माइकल नेसर कर रहे थे। इसी दौरान जोरदार बिजली गिरी और तेज आवाज भी आई। हालांकि बिजली स्टेडियम के अंदर नहीं गिरी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिजली गिरने की तस्वीर भी शेयर की है।

इसके बाद अंपायरों ने खेल रोक दिया और खिलाड़ियों को मैदान से बाहर जाने को कहा। फिर हल्की बारिश भी होने के कारण अंपायरों ने दिन का खेल खत्म करने का फैसला किया। स्टंप्स तक इंग्लैंड की टीम ने 17 रन पर अपने दो विकेट खो दिए थे। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया 456 रन से आगे है। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 473 रन पर घोषित की।
ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने दूसरे दिन भी इंग्लैंड के गेंदबाजों की जमकर क्लास लगाई। हालांकि सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर और टीम के कप्तान स्टीव स्मिथ इस पारी में शतक पूरा नहीं कर पाए। वॉर्नर ने 167 गेंदों में 95 रन बनाए। स्टीव स्मिथ 93 रन बनाकर आउट हुए। मार्नस लाबुशाने ने 103 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने 305 गेंदों का सामना किया और आठ चौके जड़े।

एलेक्स कैरी ने जड़ा पहला अर्धशतक
दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने टेस्ट करियर का पहला अर्धशतक लगाया। उन्होंने 107 गेंदों में 51 रनों की पारी खेली। आखिर में मिचेल स्टार्क और माइकल नेसर ने बल्ले से कमाल दिखाया। नेसर ने 24 गेंदों पर 5 चौके और एक छक्के की मदद से 35 रन बनाए। स्टार्क ने 39 गेंदों पर 35 रन की पारी खेली।

ऑस्ट्रेलिया द्वारा रखे गए विशाल लक्ष्य के सामने इंग्लैंड अच्छी शुरुआत नहीं कर पाई। रोरी बर्न्स और हासिब हमीद की सलामी जोड़ी ने एक बार फिर टीम को निराश किया। दोनों बल्लेबाज 12 के कुल स्कोर तक पवेलियन लौट गए।

Post a Comment

0 Comments